रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर कांग्रेस का व्यंगात्मक प्रदर्शन, खाली सिलेंडर-बर्तनों के साथ सरकार को घेरा

 



जबलपुर। ग्वारीघाट वार्ड के ललकुआँ पोलीपाथर क्षेत्र में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति संकट को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ व्यंगात्मक विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन पूर्व मंत्री तरुण भनोत और प्रदेश सचिव गौरव भनोत के मार्गदर्शन में शंकरशाह ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद पटेल और मिंटू मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों की कड़ी आलोचना की और प्रधानमंत्री के उस पुराने बयान पर भी तंज कसा, जिसमें नाली से गैस निकालकर चाय बनाने की बात कही गई थी।
घरों का बजट गड़बड़ाया

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि रसोई गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ते दामों ने आम परिवारों का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। महंगाई के कारण विशेष रूप से गृहिणियों को घर की व्यवस्था संभालने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि जब देश की जनता महंगाई से जूझ रही है, तब सरकार समाधान खोजने के बजाय चुनावी राज्यों के प्रचार में व्यस्त है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खाली गैस सिलेंडर और बर्तनों के साथ प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराते हुए केंद्र सरकार से महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस और व्यावहारिक कदम उठाने की मांग की।

प्रदर्शन में पार्षद प्रीति अमर रजक, गुड्डू तामशेतवार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बलवंत सिंह गुर्जर, सलिल चौकसे, युवा कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट नितिन सिंह, मिंटू मिश्रा, सुरेंद्र गुप्ता, रूपेश पाठक, लवली ठाकुर, आकाश राज, दीपपु चौधरी, सुशील चौधरी, अनुराग तिवारी, आशुतोष दुबे, आमिर खान और दुर्गेश रजक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post