जबलपुर। मध्यप्रदेश शासन ने बिजली क्षेत्र में प्रशासनिक स्थिरता बनाए रखने के उद्देश्य से बड़ा फैसला लिया है। शासन ने एमपी पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के प्रबंध संचालक (एमडी) इंजीनियर सुनील तिवारी के कार्यकाल में छह माह की वृद्धि कर दी है। इस संबंध में ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई द्वारा विधिवत आदेश जारी किए गए हैं।
शासन के आदेश के अनुसार यह कार्यकाल वृद्धि आगामी छह माह की अवधि के लिए अथवा चयन समिति के माध्यम से पद पर नियमित चयन होने तक (इनमें से जो भी पहले हो) प्रभावी रहेगी। उल्लेखनीय है कि राज्य की बिजली कंपनियों का मुख्यालय जबलपुर में स्थित है। शासन के इस निर्णय से कंपनी के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स और प्रशासनिक कामकाज में निरंतरता बनी रहेगी, वहीं लंबे समय से चल रही अटकलों पर भी विराम लग गया है।
उपलब्धियों भरा रहा एमडी सुनील तिवारी का कार्यकाल
प्रबंध संचालक इंजीनियर सुनील तिवारी के कार्यकाल में कंपनी ने पारेषण नेटवर्क को सुदृढ़ करने और तकनीकी उन्नयन की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ाने, प्रशासनिक दक्षता और परियोजनाओं की समयबद्ध प्रगति के चलते शासन ने उन पर पुनः भरोसा जताया है।
ऊर्जा विभाग का मानना है कि श्री तिवारी के अनुभव का लाभ आगामी छह माह तक और मिलने से चल रही महत्वपूर्ण परियोजनाएं तय समय पर पूरी होंगी तथा विभागीय कार्यों में गति बनी रहेगी।
