जबलपुर। शहर के अधारताल थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ऑटो चालक ने सड़क हादसे में घायल युवक की मदद करने के बजाय उसकी जेब से नकदी निकालकर फरार होने जैसी शर्मनाक हरकत की।
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार युवक को एक ऑटो चालक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी ऑटो चालक ने मौके पर मौजूद लोगों के सामने मदद का दिखावा करते हुए घायल को संभालने की कोशिश की। इसी दौरान उसने चालाकी से घायल युवक की जेब से करीब 25 हजार रुपए निकाल लिए और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित का भाई मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
मामले की शिकायत अधारताल थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।
.jpg)