जबलपुर। शहर में अपराध पर नकेल कसने के अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और गोहलपुर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन समय रहते पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक, जिसकी उम्र लगभग 20-30 वर्ष है और जो सफेद लोवर व सफेद टी-शर्ट पहने हुए है, एकीकृत शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल तमरहाई मैदान मंदिर के पास संदिग्ध हालत में खड़ा है तथा उसके पास अवैध हथियार है। सूचना मिलते ही गोहलपुर थाना और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शहवाज उर्फ भांजे अंसारी (30 वर्ष) निवासी नई बस्ती, गोहलपुर बताया। तलाशी के दौरान उसकी कमर से एक देशी पिस्टल बरामद हुई, जिसकी मैगजीन में एक जिंदा कारतूस लोड था।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह पिस्टल करीब दो माह पहले दरोगा पाण्डे नामक व्यक्ति से 25 हजार रुपये में खरीदी थी। पुलिस के मुताबिक, उक्त आरोपी दरोगा पाण्डे पहले ही सिहोरा क्षेत्र में हथियार बेचते हुए पकड़ा जा चुका है और फिलहाल जेल में बंद है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल और एक कारतूस जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शहवाज उर्फ भांजे अंसारी आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ पहले से मारपीट के छह मामले दर्ज हैं।
