जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र के गुरहा तालाब स्थित इंद्रा बस्ती में रविवार सुबह मकान के बंटवारे को लेकर एक ही परिवार के सदस्यों के बीच जमकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठियों से हमला कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, इंद्रा बस्ती निवासी 66 वर्षीय प्रेमलता विश्वकर्मा सुबह करीब 7 बजे घर के बाहर बर्तन साफ कर रही थीं। इसी दौरान उनकी बहू कविता विश्वकर्मा वहां पहुंची और गाली-गलौज करते हुए लाठी से हमला कर दिया। कुछ ही देर में बेटा तारकेश्वर भी मौके पर पहुंच गया और उसने भी मारपीट शुरू कर दी। हमले में प्रेमलता के हाथ और पैर में चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे पति राजेंद्र विश्वकर्मा को भी नहीं बख्शा गया। वहीं छोटू की पत्नी खुशबू को धक्का देकर गिरा दिया गया।
दूसरी ओर, तारकेश्वर विश्वकर्मा (42) ने थाने पहुंचकर अपनी अलग शिकायत दर्ज कराई है। उसका कहना है कि वह नजूल भूमि पर बने मकान में रहता है, जिसका टैक्स उसकी पत्नी के नाम पर आता है। आरोप है कि उसके पिता राजेंद्र और भाई जुगल किशोर उस पर मकान खाली करने का दबाव बनाते हैं। इसी बात को लेकर आए दिन विवाद होता है। रविवार को भी पत्नी और मां के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद पिता और भाई ने मिलकर उसके और उसकी पत्नी के साथ मारपीट की।
घटना के दौरान मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शोर सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और दोनों पक्षों को समझाइश देकर अलग कराया, लेकिन दोनों ही पक्ष किसी की बात मानने को तैयार नहीं थे।
