जबलपुर में मच्छरों का बढ़ता प्रकोप, जानलेवा बन रहे घरेलू उपाय



जबलपुर। शहर में मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। खासतौर पर शाम होते ही घरों और कॉलोनियों में मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ जाती है, जिससे लोगों का बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। मच्छरों के कारण डेंगू और चिकनगुनिया जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा भी लगातार बना हुआ है।

मच्छरों से राहत पाने के लिए लोग अब घरेलू उपाय अपनाने को मजबूर हैं, लेकिन ये उपाय कई बार जानलेवा साबित हो रहे हैं। ताजा मामला सिहोरा क्षेत्र से सामने आया है, जहां मच्छर भगाने के लिए जलाई गई अगरबत्ती से कार में आग लग गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है और यह चेतावनी भी दी है कि राहत के लिए अपनाए जा रहे तरीके कितने खतरनाक हो सकते हैं।

इधर, शहर के विक्टोरिया अस्पताल में निर्माण कार्य के चलते फैली अव्यवस्था भी मरीजों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। गंदगी और मच्छरों के बढ़ते प्रभाव के कारण मरीजों और उनके परिजनों को अतिरिक्त दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

हालांकि, प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं को सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन मौजूदा हालात में लोगों को खुद भी सतर्क रहने की जरूरत है। मच्छरों से बचाव के लिए सुरक्षित उपाय अपनाने और लापरवाही से बचने की अपील की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post