जबलपुर। बरगी बांध परिक्षेत्र के बरगी नगर में सिंचाई विभाग के पुराने खंडहर हो चुके कार्यालय और आवासों से सामग्री चोरी का खेल एक बार फिर सामने आया है। लंबे समय से इन जर्जर भवनों से ईंट, दरवाजे और अन्य कीमती सामान निकालकर बेचने का सिलसिला चल रहा है, जिसमें विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों की मिलीभगत के आरोप भी लग रहे हैं।
रविवार सुबह इस अवैध गतिविधि ने एक मजदूर की जान ले ली। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे धनीराम झारिया (51 वर्ष) खंडहर मकान की दीवार तोड़ रहा था, तभी अचानक दीवार भरभराकर उसके ऊपर गिर गई। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के दौरान ट्रैक्टर चालक छोटे लाल झारिया भी वहां मौजूद था।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। मृतक के परिजन और स्थानीय लोगों ने सिंचाई विभाग और संबंधित ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। लोगों का कहना है कि क्षेत्र का एक पटेल ठेकेदार, विभागीय कर्मचारियों की मिलीभगत से वर्षों से शासकीय संपत्ति की चोरी करवा रहा है।
आक्रोशित लोगों ने बरगी नगर पुलिस पर भी दबाव में कार्रवाई न करने का आरोप लगाया और ठेकेदार के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज करने की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी सरिता पटेल और थाना प्रभारी बरगी नीलेश दोहरे मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने प्राथमिक जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खंडहर हो चुके भवनों से ईंट, खिड़की और दरवाजे निकालकर खुलेआम बेचे जा रहे हैं, लेकिन इसे रोकने वाला कोई नहीं है। अब इस हादसे के बाद पूरे मामले में प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए हैं।
