प्यार का जुनून या जान से खिलवाड़? 2.20 लाख वोल्ट के खंभे पर चढ़ा युवक, बोला – “शादी का वादा चाहिए”



जबलपुर (सिहोरा)।जिले की सिहोरा तहसील से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्यार में पागल एक युवक ने अपनी जान जोखिम में डाल दी। मैहर जिले के रहने वाले रतन कोरी ने 2 लाख 20 हजार वोल्टेज वाले हाईटेंशन बिजली के खंभे पर चढ़कर हड़कंप मचा दिया।

बताया जा रहा है कि युवक की जिद सिर्फ एक थी—जब तक उसकी प्रेमिका मौके पर आकर उससे शादी का वादा नहीं करेगी, वह नीचे नहीं उतरेगा। इस खतरनाक कदम ने पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। लोग सहमे हुए थे और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

गांव में मचा हड़कंप, समझाइश भी रही बेअसर
ग्रामीणों ने पहले अपने स्तर पर युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन रतन अपनी जिद पर अड़ा रहा। वह बार-बार चिल्लाकर यही कहता रहा कि “प्रेमिका से बात कराओ, तभी नीचे उतरूंगा।”

🚔पुलिस पहुंची मौके पर, घंटों चला ड्रामा
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। उनके साथ आरक्षक संदीप पांडे, देवराज पटेल और सोमदीप पटेल भी मौजूद रहे। पुलिस ने काफी देर तक समझाइश दी, लेकिन युवक अपनी मांग पर अड़ा रहा।

प्रेम कहानी में परिवार बना दीवार
जानकारी के अनुसार, रतन का प्रेम प्रसंग सिहोरा के ग्राम गजताल की एक युवती से चल रहा था, जो उसकी मुंहबोली बहन की ननंद बताई जा रही है। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार इसके खिलाफ था। इसी बीच युवती की शादी कहीं और तय होने की खबर से युवक बेकाबू हो गया और उसने यह खतरनाक कदम उठा लिया।

बड़ा हादसा टलना ही सबसे बड़ी राहत
जहां 2.20 लाख वोल्ट के हाईटेंशन तार के पास चढ़ना किसी भी पल जानलेवा साबित हो सकता था, वहीं इस घटना ने प्रशासन और ग्रामीणों की सांसें थाम दीं। गनीमत रही कि समय रहते स्थिति नियंत्रण में रही और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post