जबलपुर।घमापुर क्षेत्र में लंबे समय से आतंक का पर्याय बने कुख्यात बदमाश बाबू सिंधी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए प्रशासन ने उसके विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार बाबू सिंधी काफी समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच एवं स्थानीय पुलिस लगातार प्रयासरत थी। आरोपी पर शहर के विभिन्न थानों में हत्या, फायरिंग सहित गंभीर अपराधों के करीब 22 मामले दर्ज हैं।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले बाबू सिंधी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर घमापुर क्षेत्र में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। इस घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी थी। लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने उसके ठिकानों पर दबिश दी और आखिरकार उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
प्रशासन ने दिखाई सख्ती
आरोपी के आपराधिक इतिहास को देखते हुए जिला दंडाधिकारी द्वारा NSA के तहत वारंट जारी किया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने क्षेत्र में आरोपी का जुलूस निकालकर सख्त संदेश देने की कोशिश की।
अन्य मामलों में भी जांच जारी
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह अन्य किन-किन मामलों में शामिल रहा है। पुलिस का कहना है कि आगे भी अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
