जबलपुर। शहर के गोहलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एमआईके सारा सिटी में चोरों ने एक ही रात में दो सूने मकानों को निशाना बनाकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घरों के ताले तोड़कर अंदर घुसते हुए नकदी और सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सारा सिटी निवासी मोहसिन अंसारी (बिजली कंपनी कर्मचारी) और छोटे साहब खान अपने रिश्तेदारी में आयोजित निकाह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए परिवार सहित बाहर गए हुए थे। इसी दौरान पड़ोसियों ने उन्हें फोन कर घर के ताले टूटे होने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही दोनों परिवार आनन-फानन में लौटे। घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दरवाजों के ताले टूटे हुए हैं, अलमारियां खुली पड़ी हैं और पूरा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ है।
मोहसिन अंसारी के घर से चोरी:
- ₹90,000 नकद
- करीब ₹1 लाख के सोने-चांदी के जेवर
छोटे साहब खान के घर से चोरी:
- लगभग ₹2.5 लाख के नकदी व जेवरात
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जरूरी साक्ष्य जुटाते हुए मामला दर्ज कर लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
क्षेत्र में दहशत, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
लगातार हो रही चोरियों से स्थानीय लोग भयभीत हैं। लोगों का कहना है कि रात के समय क्षेत्र में पुलिस गश्त लगभग नहीं होती, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि इससे पहले भी निर्माणाधीन मकानों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जहां से चोर सेंटिंग मटेरियल, वायरिंग और अन्य सामान तक चुरा ले गए थे। बावजूद इसके पुलिस अब तक आरोपियों को पकड़ने में नाकाम रही है।
