तालाब में डूबने से 23 वर्षीय युवक की मौत, शौच के दौरान पैर फिसलने की आशंका

 



जबलपुर। जिले के सिहोरा थाना क्षेत्र के ग्राम गुनहरु (मोहसाम) में एक 23 वर्षीय युवक की तालाब में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से तलाश अभियान चलाया, जिसके बाद शनिवार देर रात युवक का शव तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सागर कोल (23) पिता फूलचंद्र कोल निवासी ग्राम गुनहरु (मोहसाम) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि सागर शनिवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के दौरान ग्रामीणों से जानकारी मिली कि उसे आखिरी बार गांव के तालाब की ओर जाते हुए देखा गया था।

सूचना मिलते ही सिहोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तालाब में तलाश शुरू की। लंबे प्रयास के बाद रात करीब 9:30 बजे सागर का शव तालाब से बरामद किया गया।

प्रारंभिक जांच में हादसे की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि सागर शौच के लिए तालाब किनारे गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिरने से डूब गया। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सिहोरा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post