जबलपुर। शहर में हर मंगलवार आयोजित होने वाली पुलिस जनसुनवाई एक बार फिर लोगों की बढ़ती परेशानियों का आईना बनकर सामने आई। पुलिस मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने 62 शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। फरियादियों की लगातार बढ़ती संख्या इस ओर इशारा करती है कि कई मामलों में लोगों को स्थानीय थानों और चौकियों से समय पर राहत नहीं मिल पा रही है, जिसके चलते उन्हें सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय का रुख करना पड़ रहा है।
जनसुनवाई में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। इनमें पति-पत्नी के विवाद, पारिवारिक कलह, जमीन संबंधी विवाद, मारपीट, साइबर अपराध और अन्य पुलिस मामलों से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं।
एसपी सम्पत उपाध्याय ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों का नियमानुसार समाधान कराया जाएगा।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़, अनु बेनीवाल और जितेन्द्र सिंह भी जनसुनवाई में मौजूद रहे और शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया की निगरानी करते रहे।
लगातार बढ़ रही शिकायतों की संख्या यह संकेत भी देती है कि आम नागरिक अब सीधे वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचकर न्याय की उम्मीद कर रहे हैं। ऐसे में थाना स्तर पर शिकायतों के प्रभावी और समयबद्ध निराकरण की आवश्यकता पहले से अधिक महसूस की जा रही है।
