पनागर के खमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमना रोड स्थित मामा मैगी पॉइंट के सामने बीती शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी कार से जा टकराए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान बीती रात एक युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा युवक गंभीर हालत में भर्ती है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
खमरिया पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब 10 बजे घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
