धनवंतरी नगर के होटल में कथित देह व्यापार के आरोप पर हंगामा, हिंदूवादी संगठनों का प्रदर्शन

 


जबलपुर।शहर के धनवंतरी नगर क्षेत्र स्थित होटल सिटी मैक्स में सोमवार को कथित अनैतिक गतिविधियों के आरोपों को लेकर हिंदूवादी संगठनों और स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने होटल में देह व्यापार संचालित होने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं का कहना था कि होटल में आए दिन युवक-युवतियों का आना-जाना लगा रहता है, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप है कि इन कथित गतिविधियों के कारण आसपास रहने वाले परिवारों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि होटल के समीप भगवान हनुमान का एक प्राचीन मंदिर स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। उनका कहना है कि होटल में होने वाली कथित गतिविधियों से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी होती है और धार्मिक वातावरण प्रभावित होता है।

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर मामले को शांत कराया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि होटल को लेकर लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर यदि किसी प्रकार की अवैध गतिविधि की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post