टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। शिवनगर कॉलोनी में खुले पड़े सेप्टिक टैंक में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज में दोनों बच्चे शाम करीब 5 बजे तक कॉलोनी में खेलते नजर आते हैं, लेकिन ढाई घंटे बाद रात 7:30 बजे उनके शव पास ही एक निर्माणाधीन मकान के खुले सेप्टिक टैंक से बरामद किए गए।
मृतक बच्चों की पहचान 7 वर्षीय आशीष यादव और 5 वर्षीय नरेंद्र यादव के रूप में हुई है। दोनों अपने माता-पिता के साथ शिवनगर कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर स्कूल से लौटकर खाना खाने के बाद करीब 3 बजे दोनों खेलने निकले थे, लेकिन फिर घर नहीं लौटे।CCTV में आख़िरी झलक, फिर सन्नाटा
स्थानीय लोगों के मुताबिक कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में बच्चे शाम 5 बजे तक खेलते दिखाई दिए। इसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिला। चिंतित परिजनों ने तलाश शुरू की तो ध्यान पास के निर्माणाधीन मकान पर गया—जहां सेप्टिक टैंक खुला पड़ा था और किसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। आशंका है कि खेलते-खेलते दोनों बच्चे उसमें गिर गए।
मोटर से पानी निकाला, तब सामने आई सच्चाई
शाम करीब 7:30 बजे मोटर लगाकर सेप्टिक टैंक का पानी निकाला गया। अंदर से दोनों बच्चों के शव मिलने के बाद इलाके में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद बच्चों की मां गहरे सदमे में हैं, जबकि कॉलोनी में मातम पसरा है।
