जबलपुर: हवाई फायरिंग का फरार आरोपी गिरफ्तार, देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद



जबलपुर। संजीवनी नगर थाना पुलिस ने करीब एक माह से फरार चल रहे हवाई फायरिंग के आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने कार में कट मारने के विवाद के बाद क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग की थी। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद कर जब्त कर लिया है।

गोरखपुर सीएसपी महादेव नागोटिया ने बताया कि 8 जून 2026 की रात संजीवनी नगर थाना क्षेत्र स्थित चंदन कॉलोनी में कार में कट मारने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोपी इंगेश रजक अपने घर से अवैध देसी पिस्टल लेकर आया और लोगों में दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग कर दी।

फायरिंग की घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए संजीवनी नगर थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने फरार आरोपी इंगेश रजक को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी के पास अवैध हथियार कहां से आया और उसका किसी अन्य आपराधिक गतिविधि से संबंध तो नहीं है।

Post a Comment

Previous Post Next Post