घमापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 60 लीटर कच्ची शराब के साथ युवक गिरफ्तार



जबलपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों और शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में घमापुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता एवं नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर मधुर पटेरिया के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के तहत 29 जनवरी 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चांदमारी टेस्टिंग रोड स्थित एक खंडहर मकान के पास एक युवक अवैध शराब बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है।

सूचना मिलते ही घमापुर थाना पुलिस ने मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी रवि ठाकुर उर्फ आर्यन ठाकुर (18 वर्ष) निवासी चांदमारी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से चार प्लास्टिक की कुप्पियों में भरी कुल 60 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक दिनेश गौतम, प्रधान आरक्षक राकेश कुमार एवं आरक्षक विजय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।



Post a Comment

Previous Post Next Post