जबलपुर। जिले के जबलपुर अंतर्गत मझगवां थाना क्षेत्र में बीती रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। हाईवा से डस्ट अनलोडिंग के दौरान 40 वर्षीय चालक की धूल में दबने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी मृतक मृत्युंजय पांडे लंबे समय से स्थानीय क्षेत्र में हाईवा चला रहे थे। बीती रात जब वह डस्ट उतरवाने की प्रक्रिया में मौजूद थे, तभी डस्ट डंप कर रहे दूसरे व्यक्ति रतन विश्वकर्मा (निवासी विजयराघवगढ़) ने हाईवा पीछे किया। इसी दौरान मृत्युंजय को धक्का लगा, वह नीचे गिर पड़े और देखते ही देखते भारी मात्रा में डस्ट उनके ऊपर आ गिरी। धूल के ढेर में दबने से उनकी घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं।
जेसीबी से हटाई गई डस्ट, तब निकला शव
घटना की सूचना मिलते ही मझगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालात की गंभीरता को देखते हुए खितौला और सिहोरा थानों का अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन की मदद से डस्ट हटाई गई और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे तकनीकी खराबी और घोर लापरवाही सामने आ रही है। पुलिस ने आरोपी रतन विश्वकर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि जिस खदान में यह हादसा हुआ, वह सुमित अग्रवाल के नाम पर पंजीकृत है।
इस हृदयविदारक घटना से मृतक के परिजनों में शोक की लहर है, वहीं इलाके में खनन और परिवहन कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नियमों का सख्ती से पालन होता, तो शायद एक जान यूं नहीं जाती।
