14 साल बाद इंसाफ की दस्तक: भाभी की हत्या में आजीवन कारावास पाने वाला आरोपी गुजरात से गिरफ्तार



भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के निशातपुरा पुलिस को हत्या के फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। हत्यारा 14 साल से फरार आजीवन कारावास से दंडित था। आरोपी हत्या के मामले में दोषी और पैरोल से फरार उद्घोषित अपराधी उमेश चंद्र मौर्य को पुलिस टीम ने गुजरात के अहमदाबाद से दबोचा है। आरोपी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

दरअसल आरोपी 2012 में पैरोल पर रिहा होकर फरार हुआ था। भोपाल कोर्ट और जबलपुर हाईकोर्ट से स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी था। साल 2012 से 2016 तक मुंबई में छिपकर रह रहा था, फिर अहमदाबाद में ठिकाना बना लिया था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी घनी आबादी में पहचान छिपाकर रह रहा था।

चेहरे पर कपड़ा बांधकर फेरी लगाकर सामान बेचने का काम करता था ताकि कोई पहचान न सके। पूछताछ में आरोपी ने भोपाल के एक एडवोकेट से संपर्क होने की जानकारी भी दी है, जिसकी जांच की जा रही है। साल 2006 में भाभी की जलाकर हत्या के मामले में निशातपुरा थाने में केस दर्ज था। हत्या के बाद सजा के दौरान जेल से पैरोल पर बाहर आया और फिर फरार हो गया था। निशातपुरा पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर भोपाल ला रही है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post