जबलपुर मेडिकल कॉलेज में युद्ध जैसी मॉकड्रिल, ग्रीन कॉरिडोर से घायलों को ट्रॉमा सेंटर तक पहुँचाया



जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में गुरुवार को उस समय कुछ देर के लिए हड़कंप जैसी स्थिति बन गई, जब सेना और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में युद्ध और आपदा परिदृश्य को लेकर एक बड़े स्तर की मॉकड्रिल आयोजित की गई। सेना क्षेत्र से मेडिकल कॉलेज तक बनाए गए ग्रीन कॉरिडोर के जरिए घायल जवानों को एंबुलेंस से लाया गया। अचानक बढ़ी गतिविधियों और सख्त सुरक्षा के चलते आम लोग कुछ देर के लिए असमंजस में पड़ गए, हालांकि बाद में इसे अभ्यास बताए जाने पर स्थिति सामान्य हुई।
ग्रीन कॉरिडोर बना, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

मॉकड्रिल के दौरान सेना क्षेत्र से लेकर मेडिकल कॉलेज तक के पूरे मार्ग को ग्रीन कॉरिडोर में तब्दील कर दिया गया। ट्रैफिक पुलिस और सिविल पुलिस ने समन्वय के साथ आम नागरिकों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोककर एंबुलेंस के लिए निर्बाध रास्ता सुनिश्चित किया। अस्पताल परिसर में भी सुरक्षा व्यवस्था इतनी सख्त रही कि लोग कुछ देर के लिए वास्तविक आपात स्थिति मान बैठे। बेहतर तालमेल के चलते घायलों को बिना किसी रुकावट के सीधे ट्रॉमा सेंटर तक पहुँचाया गया।
अलर्ट मोड पर रही पूरी मेडिकल टीम

घायलों के आने की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन हरकत में आ गया। इस अभ्यास का नेतृत्व वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मयंक चंसौरिया ने किया। उनके निर्देश पर ड्यूटी समाप्त कर घर जा चुके डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों को तत्काल वापस बुलाया गया।
इमरजेंसी वार्ड, ट्रॉमा सेंटर और ऑपरेशन थिएटर को अलर्ट मोड पर रखा गया। ब्लड बैंक, रेडियोलॉजी विभाग, लैब और फार्मेसी को भी सक्रिय किया गया, ताकि इलाज में किसी तरह की देरी न हो। ट्रायेज सिस्टम के तहत घायलों को उनकी गंभीरता—गंभीर, सामान्य और हल्की—के आधार पर वर्गीकृत कर उपचार शुरू किया गया।
आपदा और युद्ध से निपटने की तैयारियों की हुई परख



इस पूरी कवायद का मुख्य उद्देश्य किसी वास्तविक आपदा, आतंकी हमले या युद्ध जैसी स्थिति में सेना, पुलिस और चिकित्सा विभाग के बीच समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया की क्षमता को परखना था। मॉकड्रिल के समापन पर सेना के अधिकारियों और अस्पताल प्रशासन ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की। विशेषज्ञों ने तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर सुधार के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।



Post a Comment

Previous Post Next Post