एमपी ट्रांसको के सभी कार्यालयों में गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण, मुख्य समारोह जबलपुर में



जबलपुर | गणतंत्र दिवस के गरिमामयी अवसर पर मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के प्रदेशभर में स्थित सभी कार्यालयों और सबस्टेशनों में हर्षोल्लास के साथ ध्वजारोहण किया जाएगा। कंपनी का मुख्य समारोह जबलपुर स्थित नयागांव परिसर के स्काडा कंट्रोल सेंटर में आयोजित होगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्य समारोह में एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी प्रातः 8:30 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मान रहेगा। कंपनी द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाले 25 कार्मिकों को पुरस्कृत किए जाने का निर्णय लिया गया है।

गणतंत्र दिवस के उत्साह को देखते हुए एमपी ट्रांसको के 417 एक्स्ट्रा हाईटेंशन सबस्टेशनों, ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस (टीएलएम) मुख्यालयों तथा सभी प्रमुख कार्यालयों को आकर्षक विद्युत रोशनी से सजाया गया है। मुख्यालय सहित प्रदेश के अन्य केंद्रों पर भी स्थानीय अधिकारियों द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post