तेज रफ्तार का कहर: बिजली के खंभे से टकराई कार, चालक फरार; बिलहरी–तिलहरी मार्ग बना एक्सीडेंट प्वाइंट



बलपुर। गुरुवार तड़के गोरा बाजार थाना क्षेत्र के बिलहरी–तिलहरी मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसा सुबह करीब 5 बजे उस समय हुआ, जब कार जबलपुर से बरेला की ओर जा रही थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा टूटकर गिर गया और आसपास के इलाके में कुछ देर के लिए अंधेरा छा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के दौरान कार का एयरबैग खुल गया, जिससे चालक की जान बच गई। हालांकि हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही गोरा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची, क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर लिया गया और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार का रजिस्ट्रेशन नंबर एमपी 20 जेडए 9922 है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार को सीधे बिजली के खंभे से टकराते हुए देखा जा सकता है।
एक्सीडेंट प्वाइंट बनता जा रहा बिलहरी–तिलहरी मार्ग

बिलहरी–तिलहरी इलाका अब हादसों के लिए कुख्यात होता जा रहा है। तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के चलते यहां आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में डर और नाराज़गी बढ़ रही है।
पहले भी हो चुका है हादसा

गौरतलब है कि इसी मार्ग पर 8 जनवरी को देर रात एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे स्थित दुकान में घुस गई थी। उस समय कोई जनहानि नहीं हुई थी। मौके पर डायल-112 पहुंची थी, लेकिन चालक और दुकान मालिक के बीच आपसी समझौते के चलते शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।

पुलिस का कहना है कि फरार चालक की तलाश जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल, नियमित पेट्रोलिंग और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि लगातार हो रहे हादसों पर लगाम लगाई जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post