जबलपुर की 81 वर्षीय वरिष्ठ महिला चिकित्सक डॉ. हेमलता श्रीवास्तव के साथ कथित रूप से गंभीर धोखाधड़ी और संपत्ति हड़पने की कोशिश का मामला सामने आया है। पति और पुत्र के निधन के बाद अकेली रह रहीं डॉ. श्रीवास्तव की संपत्ति पर भू-माफिया की नजर गड़ने के आरोप लगे हैं।
आरोप है कि उनकी कमजोर मानसिक स्थिति का फायदा उठाते हुए कुछ लोगों ने दान पत्र और वसीयत के नाम पर संपत्ति हड़पने की साजिश रची। पीड़िता को जबरन अगवा कर एम्बुलेंस के जरिए रजिस्ट्री कार्यालय ले जाया गया, जहां उनसे दबाव बनाकर हस्ताक्षर करवाए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के सदस्य वरिष्ठ महिला चिकित्सक के समर्थन में सामने आए हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं। वहीं, भारतीय जनता पार्टी के चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक डॉ. अश्विनी कुमार त्रिवेदी ने इस प्रकरण को अत्यंत गंभीर बताते हुए निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
पूरा मामला कलेक्टर के संज्ञान में आने के बाद राघवेंद्र सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पंकज मिश्रा को जांच का जिम्मा सौंपा है। प्रशासन का कहना है कि सभी आरोपों की बारीकी से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है और चिकित्सक समुदाय के साथ-साथ आम नागरिक भी निष्पक्ष जांच और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।
