जबलपुर। जबलपुर जिले के कटंगी थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 350 पाव देशी शराब (63 लीटर) और शराब परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन जब्त किया है।
थाना प्रभारी श्रीमती पूजा उपाध्याय ने बताया कि देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि खजरी–हरदुआ मार्ग पर बोलेरो वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब बिक्री के उद्देश्य से ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने खजरी–हरदुआ रोड पुलिया के पास दबिश दी।
कुछ देर बाद एक सिल्वर रंग की बोलेरो वाहन क्रमांक एमपी 20 बीए 0665 आती दिखाई दी, जिसे घेराबंदी कर रोका गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम मयंक राजपूत उर्फ बंटी राजपूत (22 वर्ष) निवासी बजरिया मोहल्ला, कटंगी बताया। वहीं, बगल की सीट पर बैठे युवक ने अपना नाम संस्कार तिवारी (18 वर्ष) निवासी बजरिया मोहल्ला, कटंगी बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर बोलेरो की पिछली डिक्की से 7 कार्टून (पेटी) बरामद हुईं, जिनमें प्रत्येक कार्टून में 50-50 पाव देशी शराब भरी हुई थी। इस तरह कुल 350 पाव देशी शराब जब्त की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी जब्त कर आगे की कार्रवाई जारी है।
