12 घंटे में नकबजनी का खुलासा: 4.5 लाख के जेवर बरामद, शातिर चोर गिरफ्तार

 


भोपाल पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी पर पहले से 5 आपराधिक मामले दर्ज

भोपाल। राजधानी भोपाल की निशातपुरा पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए नकबजनी की एक बड़ी वारदात का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया करीब 4.5 लाख रुपये मूल्य का सोना-चांदी का माल बरामद कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी शहर के विभिन्न थानों में पहले से ही पांच आपराधिक मामलों में वांछित है।

पुलिस के अनुसार, राजीव कॉलोनी निवासी फरियादी साजिद खां (42) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 फरवरी की रात वह परिवार सहित एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात करीब 1 बजे लौटने पर देखा कि मकान की दूसरी मंजिल का ताला टूटा हुआ था और घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात चोर अलमारी का लॉक तोड़कर सोने के दो हार, कान के बुंदे, अंगूठी तथा चांदी के जेवरात सहित कुल 4.5 लाख रुपये का माल चोरी कर फरार हो गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही सद्दाम अंसारी (26), निवासी राजीव कॉलोनी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किया गया पूरा माल—सोने का हार, अंगूठी, बाली, पांच चांदी की पायल और अन्य जेवर—बरामद कर लिया गया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ भोपाल के विभिन्न थानों में पांच प्रकरण पूर्व से दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक कनेक्शन और संभावित वारदातों की भी जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post