जीरो डिग्री के पास घेराबंदी, बदमाश सोनू उर्फ बटैया कट्टे व 4 कारतूस सहित गिरफ्तार



जबलपुर। शहर में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लार्डगंज थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जीरो डिग्री क्षेत्र के पास घेराबंदी कर एक बदमाश को फायर आर्म्स और चार जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी नवल सिंह आर्य ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार लेकर क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर जीरो डिग्री के पास दबिश दी, जहां से सोनू उर्फ बटैया पिता राजू रैकवार (26 वर्ष), निवासी गली नम्बर 4, उजार पुरवा को पकड़ा गया।

तलाशी के दौरान आरोपी की कमर के दाहिने हिस्से में एक देशी कट्टा खोंसा हुआ मिला। कट्टे को खोलकर जांच करने पर उसमें चार कारतूस लोड पाए गए। पुलिस ने तत्काल हथियार और कारतूस जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सोनू उर्फ बटैया आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ पूर्व में मारपीट सहित 9 प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post