पनागर में शराबी का तांडव, भाजपा व हिंदूवादी नेताओं की 6 गाड़ियां तोड़ीं, झूठे केस में फंसाने की धमकी




जबलपुर। पनागर क्षेत्र में बीती रात एक सिरफिरे शराबी युवक ने जमकर उत्पात मचाया। नशे में धुत आरोपी ने अम्मू पांडे के बाड़े में खड़े वाहनों को एक-एक कर निशाना बनाते हुए कुल 6 गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। चौंकाने वाली बात यह रही कि क्षतिग्रस्त वाहन भाजपा पदाधिकारियों और हिंदूवादी संगठनों के नेताओं के बताए जा रहे हैं। घटना के बाद से इलाके में तनाव और राजनीतिक हलकों में नाराज़गी देखी जा रही है।
झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी

वाहनों में तोड़फोड़ होते देख जब मालिकों ने आरोपी को रोकने की कोशिश की, तो वह शांत होने के बजाय विवाद पर उतर आया। पीड़ितों के अनुसार, आरोपी ने सरेआम गालियां दीं और कोर्ट-कचहरी करने पर जान से मारने की धमकी दी। साथ ही झूठे मामलों में फंसाने की बात भी कही। प्रभावितों में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल गौतम, जिला मंत्री अतुल त्रिपाठी, पूर्व महामंत्री शुलभ गौतम, पार्षद प्रियंका शर्मा और विहिप अध्यक्ष सचिन पांडेय शामिल हैं।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान की कोशिश

घटना की सूचना मिलते ही पनागर थाना पुलिस सक्रिय हुई। पीड़ितों की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति वाहनों के कांच तोड़ते और तोड़फोड़ करते हुए साफ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने फुटेज जब्त कर आरोपी की पहचान व गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post