पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के पुरैना गांव के पास शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। हटा से पन्ना जा रही हजारी कंपनी की यात्री बस का स्टेयरिंग पट्टा अचानक टूट गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े डंपर से जा टकराई। हादसे में 6 यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बस यात्रियों को लेकर गंतव्य की ओर बढ़ रही थी। पुरैना गांव के समीप अचानक तकनीकी खराबी के चलते स्टेयरिंग का पट्टा टूट गया। इसके बाद बस लहराने लगी और सामने खड़े डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
राहगीरों ने की तत्परता से मदद
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग और राहगीर मदद के लिए दौड़े और घायल यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
घायलों का उपचार जारी
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को अमानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
