जबलपुर। संपत्ति कर वसूली को लेकर Jabalpur Cantonment Board अब सख्त रुख अपनाता नजर आ रहा है। लंबे समय से टैक्स बकाया रखने वाले बड़े बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। नोटिस और चेतावनी के बावजूद टैक्स जमा नहीं करने पर अब सीलिंग की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
कैंट बोर्ड के राजस्व विभाग ने सबसे पहले सदर बाजार क्षेत्र के बड़े बकायादारों को निशाने पर लिया है। इसी क्रम में गुरुवार शाम कैंट बोर्ड के अमले ने सदर बाजार स्थित भवन क्रमांक 556 को सील कर दिया। यह भवन जीएलआर रिकॉर्ड में सरजू प्रसाद के नाम दर्ज है। भवन पर करीब 3 लाख 40 हजार रुपये का संपत्ति कर बकाया था। सीलिंग के कुछ घंटों बाद ही भवन स्वामी ने 3,40,085 रुपये टैक्स जमा कर दिए।
नहीं माने तो होगी कुर्की
राजस्व निरीक्षक आशीष वर्मा ने बताया कि कैंट बोर्ड द्वारा 19 जनवरी को सदर बाजार के 10 बड़े बकायादारों को तत्काल टैक्स जमा करने के निर्देश जारी किए गए थे। चेतावनी दी गई थी कि निर्धारित समय में भुगतान नहीं होने पर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
काफी समय बीत जाने के बाद भी जब बकायादारों ने टैक्स जमा नहीं किया, तो छावनी अधिनियम 2006 की धारा 101 के तहत कार्रवाई करते हुए भवन सील करने की प्रक्रिया शुरू की गई। अधिकारियों के मुताबिक, यदि सीलिंग के बाद भी टैक्स जमा नहीं किया गया, तो संबंधित संपत्तियों की कुर्की की जाएगी।
