रीवा में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को कुचला, महिला की मौत, पति व दो बेटियां गंभीर



रीवा। मझिगवां गांव में बुधवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार एक परिवार को टक्कर मार दी, जिसके बाद ट्रक उन्हें कुचलते हुए निकल गया। इस दर्दनाक हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति और दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।

पुलिस के अनुसार ग्राम बरो निवासी भरत पटैल अपनी पत्नी प्रमिला और दो बेटियों को मोटरसाइकिल पर बिठाकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे सगरा मोड़ से आगे बढ़े, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही चारों सड़क पर गिर पड़े और ट्रक उन्हें रौंदते हुए आगे बढ़ गया। हादसे में प्रमिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना होते ही आसपास से गुजर रहे लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को शासकीय अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। अस्पताल में भरत पटैल और दोनों बेटियों को भर्ती किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ के बाद फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post