जबलपुर। जबलपुर के रांझी थाना अंतर्गत गोकलपुर में देर रात एक मामूली सड़क दुर्घटना ने खौफनाक रूप ले लिया। दुर्गा मंदिर के पास क्रेटा कार और बाइक की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि 34 वर्षीय युवक एकांश साहू की सीने में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, एकांश साहू क्रेटा कार से गोकलपुर क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक बाइक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में उग्र विवाद में बदल गई। आरोप है कि बाइक सवार युवक ने अपने साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया। कुछ ही मिनटों में तीन से अधिक युवक वहां पहुंचे और सभी ने मिलकर एकांश साहू पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल एकांश साहू को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 34 वर्षीय एकांश साहू के रूप में हुई है, जो क्रेटा कार में सवार थे। यह वारदात रांझी थाना क्षेत्र के गोकलपुर स्थित दुर्गा मंदिर के पास हुई।
घटना की सूचना मिलते ही रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक और कार की टक्कर के बाद विवाद बढ़ा और बाइक सवार ने अपने साथियों को बुलाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
