इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में एक बार फिर धार्मिक स्थल पर असामाजिक हरकत की घटना ने लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है। रावजी बाजार थाना क्षेत्र के मोती तबेले इलाके में स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर की दीवार पर नशे की हालत में पेशाब करने के आरोप में तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक घटना JMD स्वीट्स के पास स्थित इस प्राचीन हनुमान मंदिर के बाहर की है। नशे में धुत तीनों युवक – राजा दुबे, कमल अहिरवार और अर्पित चौहान, मंदिर की दीवार पर पेशाब करते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। स्थानीय निवासियों ने वीडियो और फुटेज देखकर तुरंत बजरंग दल को सूचना दी। विहिप नेता तन्नू शर्मा ने भी इसकी शिकायत की, जिसके बाद रावजी बाजार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनों की शिनाख्त की और उन्हें रविवार को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपनी गलती स्वीकार की और थाने में कान पकड़कर माफी मांगी। उन्होंने बताया कि वे नशे की हालत में थे और भविष्य में ऐसी हरकत नहीं करेंगे। इस घटना से इलाके में काफी आक्रोश है। बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों ने कड़ी कार्रवाई की मांग की थी, ताकि धार्मिक स्थलों पर ऐसी हरकतों पर लगाम लग सके।
