ऑनलाइन गेमिंग की लत ने नाबालिग को बनाया अपराध का औज़ार, 15 लाख की ज्वेलरी बरामद

 


रीवा।जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ ऑनलाइन गेमिंग की लत ने एक नाबालिग को अपराध के रास्ते पर धकेल दिया। गेम खेलने के लिए पैसों की जरूरत ने उसे इस कदर अंधा कर दिया कि उसने अपनी ही रिश्तेदार महिला के 15 लाख रुपये के जेवरात चोरी करवा दिए।

पुलिस के अनुसार, सीधी जिले की एक महिला अपने बच्चों के साथ रीवा आई थी। वह चोरहटा थाना क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद रात को अपने रिश्तेदार के घर लौटी। अगली सुबह जब उसने अपना ट्रंक खोला तो उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले। काफी खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला तो महिला अपने रिश्तेदारों के साथ चोरहटा थाने पहुँची और चोरी की शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के बाद पुलिस ने जब मामले की पड़ताल शुरू की, तो शक महिला के साथ आए एक नाबालिग पर गया। पुलिस द्वारा नाबालिग के मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद साइबर सेल की मदद से मोबाइल लोकेशन ट्रेस की गई, जिससे पता चला कि नाबालिग सीधी जिले में मौजूद है।

पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सीधी पहुँचकर नाबालिग को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह ऑनलाइन गेमिंग का आदी है और गेम में पैसे लगाने के लिए उसने महिला की ज्वेलरी चोरी करवाई। नाबालिग ने बताया कि उसने जेवरात अपने दोस्त के घर रखवा दिए थे।

नाबालिग की निशानदेही पर पुलिस ने सीधी जिले में उसके दोस्त के घर दबिश दी, जहाँ से करीब 15 लाख रुपये की सोने-चांदी की ज्वेलरी बरामद कर ली गई। बरामद जेवरात को चोरहटा थाने लाकर पीड़ित महिला के सुपुर्द कर दिया गया।

थाना प्रभारी आशीष मिश्रा ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि नाबालिग ऑनलाइन गेम खेलने का आदी है और गेम में हार-जीत के कारण उस पर पैसों का दबाव बढ़ गया था। फिलहाल नाबालिग को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है और महिला के अनुरोध पर किसी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज नहीं किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post