जबलपुर। मझौली थाना अंतर्गत पड़वार गांव में बीती रात बारात के दौरान डांस करते समय दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला चाकूबाजी तक जा पहुंचा। देखते ही देखते दोनों पक्ष एक-दूसरे पर टूट पड़े, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम खितौला निवासी किशन लाल काछी (40) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके चाचा की लड़की की शादी बारात बड़ौरा गोसलपुर से आई थी। बारात के दौरान डीजे पर नाचते समय शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद शुरू हुआ। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया।
शिकायत में बताया गया कि दीपक पटेल ने चाकू से उसके भतीजे पवन काछी पर हमला किया। बीच-बचाव करने आए विष्णु प्रसाद के सिर में भी चाकू लग गई। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। घटना में रोशन जैन, कृपाल पटेल, साहिल पटेल, दीपक दहिया, रतिराम पटेल सहित कई लोग घायल हुए। चाकू के हमले से पवन काछी की कमर, मांगन काछी के हाथ और अतुल काछी के चेहरे पर चोटें आईं।
इधर, दूसरे पक्ष से नितिन पटेल (22) निवासी शाहीनाका, संजीवनीनगर ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि उसके बड़े पापा के लड़के अजय पटेल की शादी की बारात खितौला पड़वार गई थी। डीजे बंद कराने को लेकर हुए विवाद में दीपक कुशवाहा व अन्य ने चाकू और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। इस हमले में सजंल जैन, साहिल जैन सहित कई लोगों को सिर, हाथ और मुंह में चोटें आईं।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
