जबलपुर | पनागरपनागर थाना क्षेत्र अंतर्गत छत्तरपुर रेलवे फाटक के पास एक महिला बेहोश अवस्था में पड़ी मिली, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण कोरी (34), निवासी बालाजी सिटी पनागर ने सूचना दी कि उनकी मां मुन्नी बाई कोरी (54) लाइफ सिटी अस्पताल में कार्यरत थीं। वे मंगलवार शाम करीब 6 बजे ड्यूटी के लिए घर से निकली थीं। कुछ देर बाद मुन्नी बाई छत्तरपुर रेलवे फाटक के पास बेहोशी की हालत में पाई गईं।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सीएचसी पनागर ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत किन कारणों और किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।
पनागर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में ले लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
