सिंग्रामपुर/दमोह: दमोह–जबलपुर स्टेट हाईवे पर फाल्को नाला मंदिर के सामने शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया.दमोह से जबलपुर की ओर जा रहे चावल से लदे ट्रक ने सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकरा चुकी पिकअप को तेज रफ्तार में जोरदार टक्कर मार दी.टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में सवार दर्शनार्थियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन गोसलपुर (जबलपुर) से बांदकपुर दर्शन के लिए जा रही थी, जिसमें करीब दो दर्जन से अधिक श्रद्धालु सवार थे. हादसे में दर्जनभर से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए. घायलों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग श्रद्धालु भी शामिल बताए जा रहे हैं.हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जबेरा विकास सिंह चौहान व सिग्रामपुर चौकी प्रभारी गणेश दुबे पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे.पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों को 108 एंबुलेंस व निजी वाहनों की मदद से कटंगी स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां सभी का उपचार जारी है.
दुर्घटना के बाद दमोह–जबलपुर स्टेट हाईवे पर भारी अव्यवस्था फैल गई. हादसे के चलते हाईवे करीब आधे घंटे तक पूरी तरह बाधित रहा.पुलिस के पहुंचने के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर मार्ग को वन-वे कर यातायात सुचारु कराया गया. कुल मिलाकर लगभग एक घंटे तक स्टेट हाईवे पर आवागमन प्रभावित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.श्रद्धालुओं से भरी पिकअप और भारी ट्रक की यह टक्कर एक बार फिर स्टेट हाईवे पर यातायात सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है
