जबलपुर।मध्यप्रदेश के जबलपुर ज़िले में जिला प्रशासन ने अवैध रेत खनन और भंडारण करने वाले माफियाओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा अभियान चलाया है। तीन दिन तक चले इस सघन अभियान में प्रशासन ने विभिन्न क्षेत्रों से अवैध रूप से निकाली गई भारी मात्रा में रेत जब्त कर उसे नष्ट कर दिया।
अवैध रेत खनन और चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद माइनिंग विभाग की टीम ने मझौली, सिहोरा, पाटन और जबलपुर क्षेत्र में कार्रवाई की। अभियान के दौरान नदियों के किनारे बड़ी मात्रा में अवैध रूप से संग्रहित रेत का भंडारण पाया गया। प्रशासनिक टीम ने इस रेत को दोबारा नदियों में डलवाया, जबकि कुछ स्थानों पर सड़क किनारे फैली रेत में मिट्टी मिलाकर उसे पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार अब तक करीब 300 हाईवा, यानी लगभग 4 हजार क्यूबिक मीटर अवैध रेत नष्ट की जा चुकी है। यह रेत अधिकांशतः लावारिस हालत में पाई गई थी। जिन मामलों में भंडारण करने वालों की पहचान नहीं हो सकी, वहां रेत को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जहां भी दोषियों की पहचान होगी, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किए जाएंगे। अधिकारियों ने दो टूक कहा है कि जिले में अवैध रेत खनन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अवैध खनन में लिप्त लोगों को आर्थिक रूप से नुकसान पहुंचाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
