जबलपुर। शहर में पुलिस ने समय रहते दो गंभीर वारदातों को टालते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की है। एक ओर रांझी में सूअरमार बम फेंकने की साजिश नाकाम की गई, तो दूसरी ओर माढ़ोताल में एक युवक को पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ धर दबोचा गया।
रांझी में बम पटकने से पहले आरोपी पकड़ा गया
रांझी की बगिया टोला पानी की टंकी के पास सूअरमार बम पटकने की तैयारी कर रहे युवक को पुलिस ने मौके से पहले ही दबोच लिया। रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि सोमवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक किसी के घर पर बम फेंकने की बात कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस दल ने दबिश दी। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम गंगामैया निवासी अंशु मलिक उर्फ यश बताया। तलाशी के दौरान उसकी जेब से दो जिंदा सूअरमार बम जब्त किए गए।
माढ़ोताल में पिस्टल और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
इसी क्रम में हाइवे के सर्विस रोड पर माढ़ोताल थाना पुलिस ने सोमवार रात सूरतलाई निवासी नीरज जैन को पिस्टल और एक जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से आबकारी एक्ट के तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
