नल-जल योजना की पाइपों में लगी आग, 8 से 10 लाख रुपये का नुकसान


मंडला। जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गिठार में नल-जल योजना की पाइपों में आग लगने की घटना सामने आई है। इस हादसे में करीब 8 से 10 लाख रुपये मूल्य की पाइपें जलकर पूरी तरह नष्ट हो गईं।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, पाइपों के पास से गुजर रही हाई-टेंशन विद्युत लाइन का तार अचानक गिर गया, जिससे पाइपों में आग भड़क उठी। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंचे विभागीय अमले ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन तब तक जमीन में रखी अधिकांश पाइपें जलकर खाक हो चुकी थीं।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री मनोज भाकर ने बताया कि ग्राम गिठार में नल-जल योजना का कार्य प्रगति पर है। हादसे में जलने वाली पाइपें ग्राउंड में रखी गई थीं, जिनके ऊपर से हाई-टेंशन लाइन गुजर रही थी। विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण यह घटना हुई।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना संबंधित विभाग को दे दी गई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। साथ ही आगे ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए आवश्यक सावधानियां बरती जाएंगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post