नरसिंहपुर में दर्दनाक हादसा: पटवारी की कार से युवक की मौत, थाने के सामने प्रदर्शन



नरसिंहपुर।मध्यप्रदेश के गाडरवारा में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। क्रेटा कार की टक्कर से घायल हुए युवक रोहित भदरैले की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी पटवारी सूर्यकांत कौरव की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

पटवारी की क्रेटा कार से हुआ हादसा

यह हादसा बुधवार रात गाडरवारा में हुआ, जब क्रेटा कार ने रोहित भदरैले को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल रोहित को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। शुक्रवार 6 जनवरी को जैसे ही मौत की खबर फैली, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

शराब के नशे में गाड़ी चलाने का आरोप

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि आरोपी पटवारी शराब के नशे में वाहन चला रहा था। उन्होंने न सिर्फ तत्काल गिरफ्तारी बल्कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की भी मांग की। इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई।

थाने के सामने हादसा, फिर भी कार्रवाई पर सवाल

परिजनों का आरोप है कि हादसा गाडरवारा थाना के ठीक सामने हुआ, इसके बावजूद आरोपी पर तत्काल सख्त कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि आरोपी के पटवारी होने के कारण मामले में नरमी बरती जा रही है।

पुलिस की समझाइश के बाद खुला हाईवे

प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए स्टेट हाईवे पर यातायात बाधित रहा और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर पहुंची पुलिस व प्रशासन ने समझाइश दी, जिसके बाद प्रदर्शन शांत हुआ और आवागमन बहाल किया गया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post