जमानत पर छूटते ही फिर बरपाया आतंक, रंगदारी न देने पर फायरिंग करने वाला कुख्यात बदमाश शिब्बू खान गिरफ्तार



जबलपुर। जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद क्षेत्र में दहशत फैलाने और रंगदारी वसूली के लिए फायरिंग करने वाले कुख्यात बदमाश शिब्बू खान को गढ़ा पुलिस ने देर रात मेडिकल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी फरारी के दौरान लगातार इलाके में आतंक का माहौल बना रहा था।

पुलिस के मुताबिक, शिब्बू खान हाल ही में दिनेश झारिया हत्याकांड में जमानत पर जेल से बाहर आया था। बाहर आते ही उसने बेदी नगर छुई खदान क्षेत्र में अपने साथियों के साथ पहुंचकर स्थानीय निवासी लालू पटेल से हफ्ता वसूली की मांग की। जब लालू पटेल ने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपी ने पिस्टल से उस पर फायर कर हत्या का प्रयास किया। गनीमत रही कि लालू पटेल मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।

इस सनसनीखेज वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें शिब्बू खान अपने साथियों के साथ फायरिंग करता साफ दिखाई दे रहा है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था और फरारी के दौरान भी उसने हवाई फायर कर क्षेत्र में दहशत फैलाने की कोशिश की।

पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए घेराबंदी कर मेडिकल क्षेत्र से आरोपी को दबोच लिया। फिलहाल पुलिस शिब्बू खान के अन्य फरार साथियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच तेज कर दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post