जबलपुर। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित लगभग दो घंटे लंबी समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने लंबित गंभीर अपराधों, फरार आरोपियों और कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। आगामी होली पर्व को देखते हुए उन्होंने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत पुलिसिंग, सतत निगरानी और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता, पल्लवी शुक्ला, सूर्यकांत शर्मा, अंजना तिवारी सहित सभी सीएसपी, डीएसपी, एसडीओपी और शहर-देहात के थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
अवैध शराब और नशे के कारोबार पर सख्ती
एसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी थाना क्षेत्र में अवैध शराब, नशीले पदार्थों और नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने छोटे-बड़े सभी नशा तस्करों के खिलाफ प्रतिदिन कार्रवाई, अवैध शराब के भंडारण व परिवहन पर कठोर कदम और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर उत्पात मचाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।इसके साथ ही स्कूल-कॉलेजों व कोचिंग संस्थानों के आसपास स्थित गुमटियों, होटलों और दुकानों की सघन चेकिंग कर नशे से जुड़े गिरोहों की पहचान कर उन्हें जड़ से खत्म करने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।
हिस्ट्रीशीटर और गुंडों पर 24 घंटे नजर
एसपी ने हिस्ट्रीशीटर, तड़ीपार बदमाशों, चाकूबाजों और लुटेरों की गतिविधियों पर 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए। आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर अपराध की संभावनाओं को पहले ही समाप्त करने पर जोर दिया गया।
धोखाधड़ी, चिटफंड, अपहरण, एससी/एसटी एक्ट और महिला संबंधी अपराधों सहित सभी गंभीर प्रकरणों की विवेचना में तेजी लाकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रतिदिन पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग
निर्देश दिए गए कि प्रतिदिन शाम को बल की गणना के बाद संवेदनशील व अपराध संभावित स्थानों पर नियमित पेट्रोलिंग की जाए। चैन स्नेचिंग, मोबाइल स्नेचिंग और चाकूबाजी की घटनाओं वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए।
रात्रि में स्थान और समय बदल-बदलकर चेकिंग अभियान, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई तथा संगठित जुआ-सट्टा, मिलावटखोरी और सूदखोरी में संलिप्त लोगों को चिन्हित कर सख्त कदम उठाने को कहा गया।
लंबित प्रकरणों की तेज विवेचना
बैठक में लंबित मर्ग, गुमशुदगी और संपत्ति संबंधी अपराधों की समीक्षा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
साथ ही साइबर फ्रॉड के मामलों का प्राथमिकता से निराकरण, अपहृत नाबालिगों की शीघ्र दस्तयाबी और महिला संबंधी अपराधों में शून्य लापरवाही बरतने के निर्देश भी एसपी ने दिए।
