भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के बैरागढ़ इलाके में सरेराह गुंडागर्दी दिखाने वाले बदमाशों को पुलिस ने उसी अंदाज़ में जवाब दिया, जिसकी इलाके को जरूरत थी। दुकान के काउंटर पर बैठकर शराब पीने और विरोध करने पर एक युवक पर जानलेवा हमला करने वाले चारों आरोपियों को पुलिस ने न सिर्फ गिरफ्तार किया, बल्कि इलाके में उनका पैदल जुलूस निकालकर सख्त संदेश भी दिया।
पुलिस के मुताबिक, मामला बैरागढ़ थाना क्षेत्र का है। यहां चार युवक एक दुकान के काउंटर को ही टेबल बनाकर खुलेआम शराब पी रहे थे। जब दुकान पर मौजूद युवक ने इसका विरोध किया और उन्हें वहां से हटने के लिए कहा, तो आरोपी भड़क उठे। गाली-गलौज के बाद उन्होंने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए।
घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपियों की कार का नंबर ट्रेस किया गया और देर रात दबिश देकर चारों बदमाशों को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया गया।
दहशत के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई
इलाके में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने एक सख्त कदम उठाया। गिरफ्तार आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर पैदल जुलूस निकाला गया। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। बदमाशों को कान पकड़कर चलाया गया, ताकि यह संदेश साफ हो सके कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है। उनका कहना है कि लंबे समय से कुछ तत्व क्षेत्र में माहौल खराब कर रहे थे, लेकिन इस कार्रवाई से आम नागरिकों में भरोसा बढ़ा है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
