बोरे में बंधी युवती की लाश मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका गहराई



शहडोल। शहडोल जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दूधी गांव स्थित मुड़ना नदी में बोरे में बंधी एक अज्ञात युवती की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना रविवार दोपहर की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, खेत में सिंचाई के लिए पंप लगाने गए एक किसान की नजर नदी के नाले में पानी के बीच पड़े एक संदिग्ध बोरे पर पड़ी, जिससे तेज दुर्गंध आ रही थी। संदेह होने पर किसान ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बोरे को खुलवाया। बोरे के भीतर लगभग 30 वर्षीय अज्ञात युवती का शव मिला। प्रारंभिक जांच में शव तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। बोरा मजबूती से बंधा हुआ था और उसमें पत्थर भी बांधकर फेंका गया था, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस एवं एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। युवती की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। उसके हाथ पर ‘ॐ’ का निशान और अंग्रेजी के अक्षर ‘D’ और ‘R’ गुदे हुए हैं, जिन्हें पहचान के अहम सुराग के रूप में देखा जा रहा है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाते हुए आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही, क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post