सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के सिहावल जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम अमिहिया में लोकायुक्त पुलिस ने शनिवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए बीएमओ डॉक्टर स्वतंत्र पटेल को ₹5,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह रिश्वत मेडिकल रिपोर्ट में “गहरा घाव” लिखने के एवज में मांगी गई थी।
मारपीट के बाद रिपोर्ट के लिए मांगी थी रिश्वत
मामला मऊगंज जिले के पाती गांव निवासी अंकित शुक्ला से जुड़ा है। करीब एक माह पूर्व अमिलिया क्षेत्र में उनके साथ मारपीट हुई थी, जिसमें गंभीर चोटें आई थीं। कानूनी प्रक्रिया के तहत मेडिकल परीक्षण व रिपोर्ट की आवश्यकता थी। आरोप है कि बीएमओ ने रिपोर्ट में ‘गहरा घाव’ दर्शाने के लिए पहले ₹10,000 की मांग की, बाद में सौदेबाजी के बाद राशि ₹5,000 तय हुई।
शिकायत के बाद रची गई ट्रैप योजना
लगातार दबाव से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने लोकायुक्त पुलिस से संपर्क कर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।
रिश्वत लेते ही दबोचा गया आरोपी
शनिवार सुबह करीब 10 बजे जैसे ही शिकायतकर्ता ने तय राशि सौंपी, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई कर डॉक्टर स्वतंत्र पटेल को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सीधी के सर्किट हाउस लाया गया, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
लोकायुक्त का बयान
लोकायुक्त निरीक्षक एस. राम मरावी ने बताया कि शिकायत की पूरी जांच और सत्यापन के बाद ही यह कार्रवाई की गई। ऑपरेशन में 12 सदस्यीय टीम शामिल रही और सभी प्रक्रियाएं नियमों के तहत पूरी की गईं।
