अवैध शराब तस्करी पर अधारताल पुलिस की कार्रवाई, युवक गिरफ्तार

 


जबलपुर। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अधारताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 240 पाव देशी शराब और परिवहन में प्रयुक्त दुपहिया वाहन सहित रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे ने बताया कि पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि महाराजपुर क्षेत्र में एक युवक अवैध रूप से शराब बेचने का काम कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। इस दौरान मुखबिर के बताए हुलिए का युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम लालू पटेल उर्फ मंजेश (18 वर्ष), निवासी अधारताल बताया। आरोपी के पास खड़े जुपिटर वाहन क्रमांक एमपी 20 जेडएन 7690 की तलाशी लेने पर उसमें रखे दो थैलों से कुल 240 पाव देशी शराब बरामद की गई। इनमें एक थैले में 140 पाव तथा दूसरे थैले में 100 पाव देशी शराब रखी हुई थी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध शराब और परिवहन में प्रयुक्त दुपहिया वाहन को जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post