जबलपुर। जबलपुर में थाना गोरखपुर एवं क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ गांजा की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 किलो 380 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख 19 हजार रुपये बताई गई है।
थाना प्रभारी नितिन कमल ने बताया कि क्राइम ब्रांच को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि नयागांव जंगल रोड पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में खड़ा है, जिसके पास दो पिट्ठू बैग हैं एक पीठ पर और दूसरा हाथ में। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और थाना गोरखपुर की संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम की सतर्कता से उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आदित्य उर्फ आदी विश्वकर्मा (उम्र 19 वर्ष) निवासी सिंधी कैंप, भवानी चौक, थाना हनुमानताल बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के लोवर की जेब से 210 रुपये नकद तथा दोनों पिट्ठू बैग से 10 पैकेटों में अवैध गांजा बरामद हुआ। तौल करने पर गांजा का कुल वजन 10 किलो 380 ग्राम पाया गया, जिसकी बाजार कीमत लगभग 5 लाख 19 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा और नकदी जब्त कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गांजा उसे कहां से और किस नेटवर्क के माध्यम से प्राप्त हुआ।
