शराब के लिए मांगे 1000 रुपये, मना करने पर युवक से मारपीट



जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के मढ़ई इलाके में शराब के लिए पैसे न देने पर एक व्यक्ति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने न केवल पीड़ित के साथ हाथापाई की, बल्कि जाते-जाते उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

रांझी पुलिस के अनुसार शंकर सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 18 मार्च की शाम करीब 4 बजे वह अपने घर पर था। तभी अजय नंगा और टण्डी उर्फ सोनू उसे घर से बाहर बुलाकर ले गए। दोनों ने उससे शराब पीने के लिए एक हजार रुपये की मांग की।

जब शंकर सिंह ने पैसे देने से इनकार किया तो दोनों आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान हाथ-मुक्कों से हमला कर उसकी आंख के पास चोट पहुंचाई गई।

शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया, जिसके बाद दोनों आरोपी युवक जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

Post a Comment

Previous Post Next Post