जबलपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के इंद्रा मार्केट स्थित लकीस किचन पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से उपयोग व भंडारित गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। जांच के दौरान प्रतिष्ठान संचालक विनोद कुमार काटीदार सिलेंडरों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
सिविल लाइन पुलिस के अनुसार, कलेक्टर कार्यालय से खाद्य विभाग की अधिकारी आभा शर्मा द्वारा की गई लिखित शिकायत के आधार पर 11 मार्च के आदेश के पालन में गठित जांच दल ने मंगलवार को कार्रवाई की। इस दौरान नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक दंडाधिकारी मौसमी केवट के नेतृत्व में पुलिस व प्रशासन की टीम ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया।
ये मिली अनियमितताएं
जांच में पाया गया कि प्रतिष्ठान में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यवसायिक उपयोग किया जा रहा था। दो घरेलू सिलेंडरों को बर्नर से जोड़कर रोटी, दाल, चावल व सब्जी बनाकर ग्राहकों को बेचा जा रहा था। मौके पर डबल बर्नर चूल्हे पर खाना बनता मिला, जबकि दो व्यावसायिक खाली सिलेंडर भी रखे पाए गए।
टीम ने पास स्थित स्टोर रूम का निरीक्षण किया, जो बंद था। पुलिस की मौजूदगी में ताला खुलवाने पर वहां 6 घरेलू सिलेंडर (एक आंशिक भरा, पांच खाली) और 3 व्यावसायिक सिलेंडर (एक आंशिक भरा, दो खाली) मिले। इन सभी सिलेंडरों के वैध कनेक्शन संबंधी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।
संचालक ने किया दुरुपयोग स्वीकार
पूछताछ में संचालक विनोद कुमार काटीदार ने स्वीकार किया कि वह घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यवसायिक उपयोग कर रहा था और बिना वैध दस्तावेज के सिलेंडरों का भंडारण किया गया था।
जब्ती व कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान कुल 8 घरेलू और 5 व्यावसायिक गैस सिलेंडर के साथ 2 डबल बर्नर भट्टियां जब्त की गईं। आरोपी लकी काटीदार निवासी कांचघर, प्रोपराइटर लकीस किचन के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम (ईसी एक्ट) की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
