मदनमहल चौक पर देर रात खूनी वारदात: 17 वर्षीय युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या





5 बाइक सवार 8–10 बदमाशों ने घेरकर किया हमला, एक और युवक घायल—भूमिका संदिग्ध


जबलपुर। शहर के गढ़ा थाना क्षेत्र स्थित मदनमहल चौक पर देर रात सनसनीखेज हत्या की वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। करीब रात डेढ़ बजे 17 वर्षीय युवक ऋषभ राजपूत की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतक ऋषभ राजपूत सिद्धबाबा बस्ती, लाल माटी (थाना घमापुर) का निवासी था।

घटना की सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस और सीएसपी आशीष जैन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
5 बाइक सवार बदमाशों ने घेरकर किया हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऋषभ अपनी बाइक से छोटी लाइन से मेडिकल की ओर जा रहा था। जैसे ही वह मदनमहल क्षेत्र में शुभम अस्पताल के पास पहुंचा, तभी 5 बाइक पर सवार 8 से 10 बदमाशों ने उसे रोक लिया। बिना किसी कहासुनी के हमलावरों ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

युवक ने बचने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और लगातार वार करते रहे। सीने और पेट में गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
एक और युवक घायल, भूमिका पर सस्पेंस

घटना के कुछ देर बाद करीब 20 वर्षीय एक युवक घायल अवस्था में गढ़ा थाने पहुंचा, जिसके शरीर पर चाकू के निशान हैं। उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, यह युवक मृतक का साथी है या फिर वारदात में शामिल आरोपियों में से एक—यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। फिलहाल घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है और वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके होश में आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम का सच सामने आ सकेगा।
सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों की तलाश तेज

पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटा ली है और हमलावरों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश या आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post